•गोसैसीपुर में आयोजित धम्म चारिका कार्यक्रम में महात्मा बुद्ध के शांति-संदेश का प्रसार किया गया। संत गाडगे के जीवन और स्वच्छता आंदोलन पर वक्ताओं ने प्रकाश डालते हुए युवाओं से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
बस्ती। कुदरहा विकास खंड के गोसैसीपुर में महात्मा बुद्ध की शिक्षाओं के प्रचार-प्रसार हेतु धम्म चारिका का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर स्वच्छता के महानायक संत गाडगे की जयंती पर उनके योगदान पर विचार-विमर्श किया गया।


समाजसेवी रविंद्र राना कन्नौजिया एवं डॉ. अनिल कुमार रंजन के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में भन्ते प्रज्ञानन्द भिक्खू (संघ बेहिल) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भिक्षु संघ द्वारा भोजनदान एवं धम्म देशना कराते हुए उन्होंने जन-कल्याण, शांति और ज्ञान के प्रसार के लिए गौतम बुद्ध के संदेशों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता बी.पी. सक्सेना, प्रदीप कुमार गौतम, के.सी. मौर्य, के.पी. राठौर एवं एडवोकेट अनूप कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि बुद्ध का मूल संदेश शांति, करुणा और अहिंसा है। उन्होंने बताया कि जीवन दुखमय है, लेकिन सही ज्ञान से दुखों से मुक्ति संभव है। व्यक्ति को अपने मन और क्रोध पर नियंत्रण रखते हुए वर्तमान में जीना चाहिए तथा आत्ममोक्ष के लिए स्वयं प्रयासरत रहना चाहिए।
वक्ताओं ने संत गाडगे के स्वच्छता अभियान और सामाजिक सुधार कार्यों को स्मरण करते हुए युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की।
कार्यक्रम में मिशनरी गायक मनीष कुमार प्रेमी और राजकुमार ने गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बनाया। सांस्कृतिक आयोजन में आर.पी. गौतम व मनमोहन भारती ग्रुप की विशेष प्रस्तुति ने समाज में जागरूकता का संदेश दिया।
आयोजकों रविंद्र कनौजिया और डॉ. अनिल कुमार रंजन ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछड़े और उपेक्षित समाज को आगे बढ़ाने तथा अपने संतों, गुरुओं और महापुरुषों के विचारों को जानना और प्रचारित करना हम सबका दायित्व है।
कार्यक्रम में डॉ. अनिल कुमार रंजन, बंसीलाल गौतम, हकीम भगत सिंह, रामचंद्र, सतीश राव, सूरज कुमार गौतम, ब्रिज कुमार, डॉ. शत्रुघ्न, विशाल यादव, पिंटू गौतम, राजेश कन्नौजिया, धर्मेंद्र कनौजिया, रामू कनौजिया सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
