•डीएम मयूर दीक्षित ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश।
हरिद्वार से शैलेंद्र कुमार की रिपोर्ट।
हरिद्वार। चार धाम यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में होल्डिंग एरिया चिन्हित करने के साथ पुलिस, परिवहन, पर्यटन एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ऋषिकुल मैदान में चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए जर्मन हैंगर युक्त अस्थायी टेंट लगाया जाएगा, जिसमें 20 पंजीकरण काउंटर संचालित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग को निर्देशित किया कि पंजीकरण प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित की जाए। साथ ही सभी विभागों को पूर्ववत तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि ऋषिकुल मैदान में जर्मन हैंगर के माध्यम से अस्थायी पंजीकरण केंद्र बनाया जाएगा। यहां यात्रियों की सुविधा के लिए बिजली, पंखे, पेयजल, शौचालय सहित आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
