•रुधौली थाने में मुकदमा दर्ज, आरोपी एजेंट पर गंभीर धाराओं में केस
बस्ती। रुधौली क्षेत्र के एक युवक को दुबई में एसी मैकेनिक की नौकरी दिलाने के नाम पर 1 लाख 40 हजार रुपये ठगने और वहां बंधक बनाकर जबरन काम कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर रुधौली थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, रुधौली बालेश्वरी नगर निवासी शिवा मौर्या पुत्र रामजतन मौर्या ने आरोप लगाया है कि शाहिद एच. खान नामक व्यक्ति ने उसे दुबई में एसी कंपनी में मैकेनिक की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके एवज में आरोपी ने 18 नवंबर 2025 को फोनपे के माध्यम से 40 हजार रुपये तथा 26 दिसंबर 2025 को गूगल पे से 10 हजार रुपये अपने खाते में मंगाए। इसके अतिरिक्त 90 हजार रुपये नकद भी ले लिए। इस प्रकार कुल 1 लाख 40 हजार रुपये लेने के बाद 21 जनवरी 2026 को युवक को दुबई भेज दिया।
पीड़ित के अनुसार, दुबई पहुंचने पर एक व्यक्ति, जिसे ‘अरबाब’ कहा जाता था, ने उसका पासपोर्ट और सामान कब्जे में ले लिया तथा बताया कि उसे शाहिद खान ने उनके हाथों “बेच” दिया है। वहां उसे बिना वेतन के ताबूत ढोने और सेंटरिंग का काम मारपीट कर भूखे रखकर कराया गया। विरोध करने पर प्रताड़ित किया गया।
परेशान होकर युवक दुबई पुलिस के पास पहुंचा, जहां 7-8 दिन तक जांच के बाद भारतीय दूतावास से संपर्क कर उसे 21 फरवरी 2026 को भारत वापस भेज दिया गया। पीड़ित का कहना है कि दुबई में पता चला कि उसके वीजा पर मात्र 10 हजार रुपये ही खर्च हुए थे।
भारत लौटने के बाद जब उसने आरोपी एजेंट शाहिद एच. खान से अपने पैसे वापस मांगे तो उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। विवेचना उपनिरीक्षक एजाज अहमद द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
