बस्ती। कर्मा देवी स्मृति पीजी कॉलेज, संसारपुर (बस्ती) के प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार मिश्र को श्रीलंका के सबरागामुवा विश्वविद्यालय के भाषा विभाग द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान श्रृंखला में आमंत्रित किया गया है।
विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अंतर्गत आयोजित यह व्याख्यानमाला 5 मार्च से 1 अप्रैल तक चलेगी। इस दौरान डॉ. मिश्र वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, हिंदी भाषा तथा हिंदी साहित्य के इतिहास से संबंधित विषयों पर विस्तार से संबोधित करेंगे। वे श्रीलंकाई मूल के हिंदी भाषा-साहित्य के छात्रों को भारतीय साहित्यिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराएंगे।
डॉ. मिश्र पूर्व में भी हिंदी भाषा और साहित्य के वैश्विक प्रचार-प्रसार के लिए सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वे भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में विभिन्न देशों की शैक्षणिक यात्राएं कर चुके हैं तथा 11वां विश्व हिंदी सम्मेलन (मॉरीशस) में भारत सरकार के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में सहभागिता कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि डॉ. मुकेश कुमार मिश्र अंतरराष्ट्रीय हिंदी प्रचारक स्वर्गीय मधुर नारायण मिश्र के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के अनेक शिक्षाविदों एवं साहित्यप्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
