लखनऊ। प्रदेश में विकास योजनाओं को लेकर शासन स्तर पर बरती जा रही उदासीनता के विरोध में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ.) ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जनता के मुद्दों की ओर ध्यान आकृष्ट करने का निर्णय लिया है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने कहा कि जब तक जनता के प्रति जवाबदेही तय नहीं की जाती, तब तक वे पत्र लिखकर सरकार को आईना दिखाते रहेंगे।
इसी क्रम में ‘जल जीवन मिशन’ योजना में व्याप्त खामियों को उजागर करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया है और निष्पक्ष बाह्य एजेंसी से जांच कराने तथा दोषियों को दंडित करने की मांग उठाई गई है।
पत्र में कहा गया है कि केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘हर घर जल’ का उद्देश्य प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है, किंतु कुछ अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से इस उद्देश्य को गंभीर क्षति पहुंचाई जा रही है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि बहराइच, प्रयागराज, महोबा और फतेहपुर सहित कई जनपदों से लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। कहीं निर्माणाधीन पानी की टंकियां गिर रही हैं तो कहीं तैयार टंकियों से पानी का रिसाव हो रहा है। पाइपलाइन बिछाने के नाम पर गांवों की सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। कई स्थानों पर पाइपलाइन डालने के बाद भी नलों में पानी नहीं पहुंच रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने इसे सरकारी धन का दुरुपयोग और जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ बताया है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित जनपदों में चल रहे कार्यों की उच्च स्तरीय स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और लापरवाह ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पवन भाई गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी शून्य सहनशीलता की नीति के अनुरूप त्वरित संज्ञान लेकर दोषियों पर कार्रवाई करेगी।
