लखनऊ। जोन-मध्य के थाना गौतमपल्ली पुलिस दल ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की गई ट्रेक कंपनी की रेंजर साइकिल बरामद की है। बरामद साइकिल की कीमत लगभग 1,50,000 रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार 13 फरवरी 2026 की मध्य रात्रि में विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास संख्या 16ए के पोर्च में खड़ी ट्रेक कंपनी की रेंजर साइकिल चोरी हो गई थी। इस संबंध में अरुण कुमार दुबे पुत्र कृष्ण कुमार दुबे निवासी 16ए विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ द्वारा 14 फरवरी 2026 को थाना गौतमपल्ली में मुकदमा अपराध संख्या 15/26 धारा 305 बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात के विरुद्ध पंजीकृत कराया गया था।
मामले के पंजीकरण के बाद पुलिस ने अज्ञात चोर और चोरी गई साइकिल की बरामदगी के लिए व्यापक सुरागरसी की। लगभग 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा तकनीकी साधनों का उपयोग किया गया। थाना गौतमपल्ली पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की साइकिल अभियुक्त सूरज पुत्र स्वर्गीय भगवती प्रसाद निवासी धन्नूपुरवा, थाना कोतवाली शहर, जनपद हरदोई, उम्र 30 वर्ष के कब्जे से बरामद की गई।
अभियुक्त के विरुद्ध धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि करते हुए उसे धारा 305/317(2) बीएनएस के तहत पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। नियमानुसार कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2020, 2021 और 2023 में आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के अंतर्गत थाना कोतवाली सिटी, जनपद हरदोई में मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2023 में थाना आशियाना, लखनऊ में धारा 379/411/413 भादवि के तहत भी मुकदमा पंजीकृत है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रमेश चन्द्र पाण्डेय (विवेचक), उपनिरीक्षक अभिनेन्द्र सिंह (प्रभारी सर्विलांस टीम), उपनिरीक्षक शैलेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, मुख्य आरक्षी आशीष मिश्र, मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार तथा आरक्षी प्रियांशु यादव शामिल रहे।
