बस्ती। होली पर्व नजदीक आते ही शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक बाजार पूरी तरह सज गए हैं। जगह-जगह रंग, गुलाल, पिचकारी, टोपी और आकर्षक मुखौटों की दुकानें सजी हुई हैं। बाजारों में बज रहे होली गीतों से पर्व का उल्लासपूर्ण वातावरण बन गया है।
इस बार बच्चों और युवाओं के बीच विभिन्न डिजाइन की पिचकारियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। फरसे वाली पिचकारी, टैंक मॉडल पिचकारी और गन वाली पिचकारी की खूब मांग देखी जा रही है। खासकर चाइनीज गन पिचकारी एक हजार रुपये तक की कीमत में उपलब्ध है। छोटे बच्चों के लिए कार्टून आधारित पिचकारियां भी बिक रही हैं।
मुखौटों की दुकानों पर क्रिकेट खिलाड़ी, भालू, बंदर, राक्षस और लोकप्रिय कार्टून चरित्र छोटा भीम के मास्क बच्चों को लुभा रहे हैं। इसके अलावा विभिन्न फिल्मी कलाकारों के विग और रंग-बिरंगे मोर डिजाइन के विग भी 80 रुपये से 300 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं।
रंग और गुलाल की कीमतें भी ग्राहकों की पहुंच में हैं। रंग 10 रुपये प्रति 10 ग्राम से लेकर 50 रुपये प्रति 10 ग्राम तक बिक रहा है, जबकि अबीर 50 रुपये से 200 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध है। दुकानदारों के अनुसार इस बार हर्बल और प्राकृतिक रंगों की मांग में भी बढ़ोतरी हुई है, क्योंकि लोग त्वचा और आंखों की सुरक्षा को लेकर जागरूक हो रहे हैं।
शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर होली बाजार गुलजार है। ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग खरीदारी के लिए शहर पहुंच रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार के नजदीक आते-आते बिक्री और बढ़ने की संभावना है। कुल मिलाकर होली को लेकर बाजारों में रौनक और उत्साह चरम पर है।
