बस्ती। जिले के गौर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने सोशल मीडिया के जरिए एक व्यक्ति से 2 लाख 20 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बेतौहा निवासी रामसागर पुत्र कन्हैया लाल के फेसबुक मैसेंजर पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके एक परिचित के नाम से फर्जी आईडी बनाकर संपर्क किया। आरोपी ने मैसेज के माध्यम से बताया कि उसका दोस्त दुबई में पकड़ा गया है और उसका वीजा-पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है। उसे छुड़ाने के लिए तुरंत पैसों की जरूरत बताई गई।
ठग ने व्हाट्सएप के जरिए क्यूआर कोड भेजकर अलग-अलग किश्तों में 2,20,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। बाद में जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने थाना गौर में शिकायत दर्ज कराई।
इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा संख्या 42/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4) बीएनएस, 66-D आईटी एक्ट व 419/420 के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर आने वाले ऐसे मैसेज और क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे भेजने से पहले सावधानी बरतने की अपील की है।
