प्रयागराज। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक कार चालक पुलिस को चकमा देकर भागने लगा। घटना उस समय हुई जब वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाइंस इलाके में पुलिस द्वारा वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेजी से गाड़ी भगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उस समय मौके पर एडिशनल कमिश्नर भी मौजूद थे और उनके सामने ही चालक पुलिस को देखकर भाग निकला।
घटना के बाद एडिशनल कमिश्नर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने कार का पीछा किया और थोड़ी ही दूरी पर घेराबंदी करते हुए चालक को लक्ष्मी टॉकीज के पास पकड़ लिया। इसके बाद कार और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
बताया जा रहा है कि जिस कार को पुलिस ने पकड़ा है, उसके आगे पुलिस का लोगो भी लगा हुआ था, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि वाहन पर लगा लोगो अधिकृत है या उसका गलत इस्तेमाल किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करना गंभीर मामला है। कई बार ऐसे मामलों में अवैध गतिविधियों या किसी बड़े अपराध का भी लिंक निकल सकता है, इसलिए पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
