ज्योतिर्मठ/बद्रीनाथ। चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों के तहत एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान ने बद्रीनाथ एवं हेमकुण्ड साहिब यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ज्योतिर्मठ से माणा तक निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



निरीक्षण के दौरान एडीजी ने प्रमुख पड़ावों, पुलिस चौकियों, पंजीकरण केंद्रों और संवेदनशील स्थलों का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। बद्रीनाथ धाम में मंदिर परिसर, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी और चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही कोतवाली ज्योतिर्मठ और बद्रीनाथ में पुलिस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कार्मिकों को उच्च मानकों के अनुरूप ड्यूटी निभाने, यात्रियों के प्रति सौम्य व्यवहार रखने और आपदा प्रबंधन के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए।
एडीजी ने जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं गुरुद्वारा प्रबंधन के साथ बैठक कर यातायात, पार्किंग, ईंधन आपूर्ति और हेमकुण्ड साहिब यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की तथा समन्वित और व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
