बस्ती। जनपद में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की है। पुलिस ने डीजे उपकरण और वाहन को जब्त कर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद के नेतृत्व में बड़ेबन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर पिंडारी अस्पताल के सामने बड़ेबन क्षेत्र में छापेमारी की। यहां रात 10 बजे के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था, जिससे ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था।
पुलिस ने मौके से मासपेट 4K मशीन (1), 500 वाट की मशीनें (2), जनरेटर (2), साउंड बॉक्स (6), मूविंग लाइट (4), ट्वीटर (2), मार्किंग लाइट (6) और मिक्सर मशीन (1) सहित डीजे का पूरा सेट बरामद किया। साथ ही वाहन संख्या UP-58 AT-1987 को भी मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर लिया गया।
इस मामले में पुलिस ने डीजे संचालक संतराम यादव (निवासी गोपियापार, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती) और डीजे मालिक विवेक चंद वर्मा (निवासी गावगोडिया, थाना कोतवाली, जनपद बस्ती) के विरुद्ध मुकदमा संख्या 109/2026 के तहत धारा 270, 293 बीएनएस एवं धारा 5/6 ध्वनि प्रदूषण अधिनियम में केस दर्ज किया है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद, उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह के साथ हेड कांस्टेबल अजीत कुमार और कांस्टेबल राम सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जनपद में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
