कुदरहा, बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के कोप गांव में मंगलवार सुबह एक 19 वर्षीय युवती का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने आनन-फानन में युवती को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 6 बजे रामविचार की 19 वर्षीय पुत्री अंकिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटकता हुआ देखा गया। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह तथा लालगंज चौकी प्रभारी अनंत कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
