बस्ती। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया है कि जनपद में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आवक और उपलब्धता बनी हुई है। किसी भी प्रकार की गैस कमी से जुड़ी अफवाहों से घबराने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपने पास उपलब्ध गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर का भंडारण न करें। गैस समाप्त होने पर ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से समय पर गैस की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) का आईवीआरएस बुकिंग नंबर 7718012345, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) का आईवीआरएस नंबर 8454955555, तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) का आईवीआरएस नंबर 9222201122 / 9493602222 है। पहली बुकिंग के बाद शहरी क्षेत्र में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन के बाद ही दूसरी ऑनलाइन बुकिंग का प्रावधान तेल कंपनियों द्वारा निर्धारित किया गया है।
जनपद में आईओसीएल के विक्रय अधिकारी संतोष सोनी (मो. 9451122933), बीपीसीएल के विक्रय अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह (मो. 8093680119) तथा एचपीसीएल के विक्रय अधिकारी आकाश कुशवाहा (मो. 9794771177) हैं। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग, ओटीपी अथवा अन्य समस्याओं के संबंध में इनसे संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि 15 मार्च 2026 को जनपद में 10,242 गैस सिलेंडर वितरण के लिए प्राप्त हुए थे, जिनका लाभार्थियों में वितरण कराया गया। हालांकि भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बॉटलिंग प्लांट बंद रहने के कारण 16 मार्च 2026 को इन दोनों कंपनियों की गैस एजेंसियों पर रिफिल सिलेंडरों की आवक नहीं होगी, जिससे वितरण कार्य प्रभावित रह सकता है।
वहीं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा लगभग 2,736 गैस सिलेंडरों की आवक संभावित है, जिससे वितरण कार्य जारी रहेगा।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेकर किसी भी स्थिति में न आएं। भरे हुए सिलेंडर को स्वयं ले जाने के दौरान यदि कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी उपभोक्ता की स्वयं की होगी। गैस बुकिंग कराकर हॉकर के माध्यम से होम डिलीवरी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
जनपद में गैस वितरण से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट स्थित प्रशासनिक अधिकारी कक्ष में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 05542-247128 है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से एक बार फिर अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से ही गैस की होम डिलीवरी प्राप्त करें।
