महराजगंज। सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। इसके बाद कार्यवाही प्रारंभ हुई।
बैठक में नौतनवा क्षेत्र में रसोई गैस सिलिंडर की कमी का मुद्दा उठने पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल कार्रवाई कर सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को लेकर उठे सवाल पर विद्युत विभाग को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
ग्राम पंचायत सदस्यों को मिलने वाले भत्ते के भुगतान में देरी पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने डीपीआरओ को मिशन मोड में लंबित भुगतान जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ाने और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही सरकारी बैठकों में समूहों के उत्पादों को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
बैठक में सड़क हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए हेलमेट सहित सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए। रोजगार सेवकों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर उनके कार्य बहिष्कार को समाप्त कराने के लिए उपायुक्त स्वतः रोजगार को भी निर्देशित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि बड़ी संख्या में महिलाओं को पेंशन योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए गए हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लक्ष्य के सापेक्ष सभी आवास पूरे किए जा चुके हैं। मनरेगा, पीएम किसान, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य योजनाओं में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
बैठक में जल जीवन मिशन, पीएमजीएसवाई, प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम सहित कई योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
अंत में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की समस्याएं उठाना है और अधिकारियों का कर्तव्य उनका समाधान करना। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी समिति के निर्देशों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आश्वासन दिया कि दिशा के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा। बैठक में जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
