•पूर्वोत्तर रेलवे से/होकर 117 विशेष ट्रेनें 779 फेरों में संचालित
गोरखपुर।
होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा विशेष ट्रेनों का व्यापक संचालन किया जा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि देशभर में अब तक 1,538 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जा चुकी हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से देश के महानगरों एवं अन्य प्रमुख नगरों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए रिकॉर्ड संख्या में विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिससे यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशनों से अम्बाला, अमृतसर, चंडीगढ़, कोलकाता (सियालदह), धनबाद, आसनसोल, नई दिल्ली, हैदराबाद, पुणे, मुंबई, गोंदिया, पुरी, राजकोट, वलसाड, वडोदरा, गुवाहाटी, रांची, श्री गंगानगर, जयपुर और जोधपुर सहित कई प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं।
रेलवे के अनुसार, पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से 78 विशेष ट्रेनें 450 फेरों में चलाई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 39 विशेष ट्रेनें 329 फेरों में इस रेलवे से होकर गुजर रही हैं। इस प्रकार कुल 117 विशेष ट्रेनें 779 फेरों में यात्रियों को सेवा प्रदान कर रही हैं।
रेल प्रशासन का कहना है कि होली पर्व पर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने और वापसी यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है।
