•केंद्रीय पेट्रोकेमिकल इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीपेट), लखनऊ के सहयोग से युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान कर दिलवाया रोजगार
मथुरा। इंडियन ऑयल मथुरा रिफाइनरी क्षेत्र के युवाओं के चेहरे पर मुस्कान लेकर आई है। मथुरा जिले के 44 युवाओं ने सीपेट, लखनऊ में आयोजित तीन महीने का रोजगारोन्मुखी कौशल विकास आवासीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है और विभिन्न कंपनियों में रोजगार पाया है।

18 मार्च 2026 को मथुरा रिफाइनरी नगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान श्री मुकुल अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, मथुरा ने सभी युवाओं को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र और उनके ऑफर लेटर प्रदान किए।
इंडियनऑयल ने केंद्रीय पेट्रोकेमिकल इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीपेट) के साथ एक समझौता किया था, जिसके तहत सीएसआर के अंतर्गत तीन महीने का रोजगारोन्मुखी कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। इस पहल के तहत मथुरा रिफाइनरी ने मथुरा जिले और आसपास के क्षेत्रों के 80 युवाओं को पूर्ण सहायता प्राप्त आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम में दो ट्रेडों – सहायक मशीन ऑपरेटर (प्लास्टिक प्रोसेसिंग) और सहायक मशीन ऑपरेटर (इंजेक्शन मोल्डिंग) के पाठ्यक्रम शामिल थे। इस बैच में मथुरा ज़िले के 44 युवा, जिनमे पांच युवतियां भी शामिल थीं, सभी ने अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
इस बैच को दिसंबर 2025 में श्री मुकुल अग्रवाल द्वारा रिफाइनरी नगर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था और प्रशिक्षण मार्च 2026 में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद, सभी अभ्यार्थी मथुरा रिफाइनरी में फिर से एकत्रित हुए और अपने अनुभव साझा किया। साथ ही अपने प्रमाण पत्र और जॉब ऑफर लेटर प्राप्त किए। लाभार्थियों को हरियाणा की एजी इंडस्ट्रीज, महाराष्ट्र की न्यू टेक प्रो और गुजरात की शैली इंजीनियरिंग प्लास्टिक लिमिटेड में नौकरी के प्रस्ताव मिले हैं।
समारोह के दौरान, श्री मुकुल अग्रवाल ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और ऑफर लेटर सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर लाभार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित थे और उन्होंने इंडियनऑयल टीम के साथ अपनी खुशी साझा की।
मथुरा रिफाइनरी ने इस परियोजना में 43 लाख रुपये का निवेश किया और युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर उन्हे आत्मनिर्भर बनाने की ओर एक सशक्त कदम उठाया।
