जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव ने किया शुभारंभ, 22 कंपनियों ने लिया भाग।
— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, संत कबीर नगर तथा हीरालाल रामनिवास पीजी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में खलीलाबाद स्थित हीरालाल रामनिवास महाविद्यालय में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा. जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।










इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि आज के समय में रोजगार केवल जीविका का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान का प्रतीक बन गया है। एक युवा को रोजगार मिलने से न केवल उसका, बल्कि उसके परिवार और समाज का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
रोजगार मेले में कुल 1238 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 846 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रारंभिक चयन किया गया। इस मेले में 22 कंपनियों ने भाग लिया। चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यह मेला युवाओं को न केवल रोजगार देता है, बल्कि उनकी प्रतिभा और कौशल को पहचानने का अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय कौशल का युग है, जिसमें केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि हुनर, मेहनत और आत्मविश्वास भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती माधवी उपाध्याय ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. विजय कुमार मिश्र ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इस अवसर पर उदय नारायण (नोडल प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई भगौसा), बृजेश कुमार (प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई खलीलाबाद), डॉ. मनोज मिश्र, दीप्शी सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
