— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। संत कबीर नगर में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आकांक्षात्मक विकास खण्डों में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति और प्रगति की समीक्षा बैठक एनआईसी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य एवं पोषण, बेसिक शिक्षा, कृषि, ग्रामीण पेयजल, आधारभूत संरचना, सामाजिक विकास तथा पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं में गुणात्मक सुधार लाने और कार्यों में तेजी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी से योजनाओं की प्रगति संबंधी आंकड़ों की जानकारी लेते हुए खण्ड विकास अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय से लाभार्थियों तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय स्तर पर सतत मॉनिटरिंग आवश्यक है, जिससे जनपद की रैंकिंग भी बेहतर बनी रहे।
समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य एवं पोषण, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, आईसीडीएस, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, नमामि गंगे, ग्रामीण पेयजल योजना और कौशल विकास कार्यक्रमों की प्रगति इंडिकेटर्स के आधार पर परखी गई।
बैठक में डीसी एनआरएलएम प्रवीण शुक्ला, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी सत्येन्द्र कुमार सिंह, खण्ड विकास अधिकारीगण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
