— विनय कुमार, संवाददाता।
महराजगंज/नौतनवा। नौतनवा कस्बे में स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान घुसकर मारपीट और हंगामा करने का मामला सामने आया है। पीड़ित नामित सभासद बृजेंद्र श्रीवास्तव तथा भाजपा नगर अध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल ने थाना नौतनवा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, वार्ड संख्या-8 मधुबन नगर निवासी बृजेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि 18 मार्च को लगभग 3:20 बजे भाजपा कार्यालय में नव मनोनीत मंडल अध्यक्ष एवं सभासदों के स्वागत का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते एक युवक अपनी माता के साथ कार्यालय में घुस आया और मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि महिला ने उनका कॉलर पकड़ लिया, जबकि युवक ने उनके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामला शांत कराया।
बृजेंद्र श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि उक्त युवक ने 26 फरवरी को मोबाइल फोन के माध्यम से भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में थाना नौतनवा पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
