•बारिश के बावजूद ईदगाहों में उमड़ी भीड़, अमन-चैन व भाईचारे की मांगी दुआ।
कुदरहा/बस्ती: कुदरहा विकास क्षेत्र के जिभियांव ईदगाह में ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने एकत्र होकर नमाज अदा की और देश व समाज की तरक्की, अमन-चैन तथा भाईचारे के लिए दुआ मांगी।



सुबह से ही ईदगाह परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। कुदरहा, परेवा, परमेश्वरपुर, बगही, चकिया, उजियानपुर और चिलवनिया समेत आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने पहुंचे।
बारिश भी नहीं रोक सकी आस्था
हल्की बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और भारी संख्या में नमाजी ईदगाह पहुंचे। पूरे क्षेत्र में ईद को लेकर विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिला।
इमाम ने दिया भाईचारे और सेवा का संदेश
जिभियांव ईदगाह में इमाम मौलाना मेराज अहमद ने नमाज अदा कराई। अपने खुतबे में उन्होंने आपसी प्रेम, सौहार्द बनाए रखने और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश दिया।
गायघाट नगर पंचायत में भी शांतिपूर्ण आयोजन
इसी क्रम में नगर पंचायत गायघाट के लालगंज ईदगाह में इमाम तुफैल अहमद के नेतृत्व में ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे की मिसाल पेश की।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और ईदगाहों पर मुस्तैद दिखाई दिया।
हर्षोल्लास के साथ मनाया गया पर्व
पूरे क्षेत्र में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास, आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता के साथ मनाया गया।
