•CCTV में आखिरी बार दिखे फुर्ती लाल; पुलिस कर रही तलाश, परिजन बेहाल।
कुदरहा (बस्ती)। कलवारी थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। घर में जहां जवान बेटे की मौत का मातम पसरा था, वहीं उसके पिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। ग्राम पंचायत सहारनपुर निवासी फुर्ती लाल मौर्या (लगभग 5 फीट लंबाई) शुक्रवार से गायब हैं। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इलाज के दौरान बेटे की मौत
परिजनों के अनुसार, फुर्ती लाल के पुत्र रघुनाथ मौर्य वर्ष 2018 से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज लखनऊ में चल रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे उनकी मौत हो गई। इसके बाद पिता फुर्ती लाल एंबुलेंस से बेटे का शव लेकर गांव सहारनपुर लौट रहे थे।
कफन लेने उतरे, फिर नहीं लौटे
मृतक की बहन राधिका के अनुसार, जब एंबुलेंस गायघाट पहुंची तो फुर्ती लाल ने वाहन रुकवाया और कफन लेने की बात कहकर नीचे उतर गए। काफी देर तक इंतजार के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिजन घबरा गए और उनकी तलाश शुरू की। बाद में पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV फुटेज में दिखा आखिरी सुराग
कलवारी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में फुर्ती लाल मौर्या सुबह करीब 9:30 बजे गायघाट चौराहे के बैडारी मोड़ के पास नजर आए हैं। उन्हें गाना गांव की ओर जाते हुए देखा गया है। उस समय उन्होंने पैंट-शर्ट और गहरे रंग की जैकेट पहन रखी थी।
पुलिस की तलाश जारी
पुलिस टीम गाना गांव और आसपास के संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज गायघाट राकेश मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर खोजबीन जारी है, लेकिन अभी तक लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
जनता से अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि बताए गए हुलिए का कोई व्यक्ति दिखाई दे, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या कलवारी पुलिस को सूचना दें।
