बस्ती। जनपद के मिश्रौलिया क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक गैस एजेंसी पर बिना सिलेंडर दिए ही डिलीवरी दर्ज करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना ने उपभोक्ता सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिकायतकर्ता बृहस्पति कुमार पाण्डेय के अनुसार, उनकी पत्नी माधुरी के नाम भारत गैस का कनेक्शन संख्या 107623149 श्री कनक बिहारी भारत गैस एजेंसी से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि 22 मार्च 2026 को एजेंसी द्वारा सिस्टम में गैस सिलेंडर की डिलीवरी दिखा दी गई, जबकि उपभोक्ता को वास्तविक रूप से कोई सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ।
पीड़ित परिवार का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, यह मामला उपभोक्ता अधिकारों के खुले उल्लंघन का उदाहरण है।
शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री से करते हुए एजेंसी पर काला बाजारी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की है कि उन्हें जल्द से जल्द गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।
लोगों का कहना है कि यदि गैस एजेंसियों की इस तरह की मनमानी पर रोक नहीं लगाई गई, तो आम जनता को लगातार परेशानी झेलनी पड़ेगी। फिलहाल, अब सबकी निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस मामले में कब तक और क्या कदम उठाए जाते हैं।
