•अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी।
सिद्धार्थनगर। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के क्रम में सोमवार को तहसील डुमरियागंज में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में समाधान दिवस सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी राजेश कुमार एवं अन्य अधिकारियों द्वारा की गई, जबकि पुलिस से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया।
जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की आख्या का अवलोकन करते हुए आवश्यक मामलों में तत्काल जिला स्तरीय टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि समाधान दिवस एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जांच कार्यवाही शिकायतकर्ता एवं विपक्षी दोनों की उपस्थिति में पारदर्शी ढंग से करने पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी विभाग का कोई प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने डुमरियागंज के लेखपाल संजय को भू-माफियाओं को संरक्षण देने एवं सरकारी कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में हल्का बदलने एवं विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 47 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व के 38, पुलिस के 2, विकास का 1 तथा अन्य 6 मामले शामिल रहे। इनमें से राजस्व विभाग के 5 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डीएफओ श्रीमती नीला एम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, तहसीलदार रवि कुमार यादव सहित समस्त संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
