👉 जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद, सरकार ने उपहार स्वरूप दी आर्थिक सहायता।
के. के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देशन में “मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना” के अंतर्गत जनपद मुख्यालय स्थित ओम रिजॉर्ट एंड मैरिज लॉन, सियरा सांथा (धनघटा रोड) में 135 जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में नवदंपत्तियों को लैंगिक समानता की शपथ भी दिलाई गई।








कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा श्रीमती नीतू सिंह, विधायक खलीलाबाद अंकुर राज तिवारी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, ब्लॉक प्रमुख हैंसर श्रीमती कालिंदी चौहान एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अन्य अतिथियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
जिलाध्यक्ष भाजपा नीतू सिंह ने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिससे वे बिना आर्थिक बोझ के अपने बच्चों का विवाह कर पा रहे हैं।
विधायक अंकुर राज तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना के माध्यम से बिना भेदभाव के सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है।
विधायक गणेश चंद्र चौहान ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों का जीवन स्तर सुधारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख कालिंदी चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए नवयुगलों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने बताया कि कुल 135 जोड़ों में से 132 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से तथा 3 जोड़ों का निकाह मुस्लिम परंपरा के अनुसार सम्पन्न कराया गया।
योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को उपहार स्वरूप ₹60,000 की धनराशि सीधे वधू के खाते में हस्तांतरित की गई, साथ ही पायल, बिछिया, बर्तन सेट, कपड़े, अटैची, गैस चूल्हा आदि सामग्री भी प्रदान की गई। प्रति जोड़े पर लगभग ₹1 लाख खर्च की व्यवस्था सरकार द्वारा की गई है।
कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
