👉 बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा अन्नप्राशन तथा गोद भराई का आयोजन किया गया।
— के. के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर : केंद्र सरकार के 11 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “नव निर्माण के 09 वर्ष” कार्यक्रम के अंतर्गत विकास भवन परिसर स्थित डीपीआरसी हॉल में नौ दिवसीय जनकल्याणकारी प्रदर्शनी/मेला एवं योजनाओं के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।




इसी क्रम में कार्यक्रम के आठवें दिन उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत वृहद ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 20 लाभार्थियों को कुल 60 लाख रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर कुल 40 लाभार्थियों को 120 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण 4 वर्षों के लिए प्रदान किया जाता है। उन्होंने युवाओं से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
अग्रणी जिला प्रबंधक ने बैंक समन्वयकों से वित्तीय वर्ष के समापन से पूर्व लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने का आग्रह किया। शिविर में विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयकों एवं शाखा प्रबंधकों ने भाग लेकर लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र (डेमो चेक) वितरित किए।
इस अवसर पर उद्योग विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, सहायक आयुक्त उद्योग, सहायक प्रबंधक, कनिष्ठ सहायक, सीएम युवा फेलो तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन उपायुक्त स्वतः रोजगार प्रवीण कुमार शुक्ला की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान प्रमिला उर्फ पप्पी कोयल एंड पार्टी के कलाकारों द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लोकगीतों के माध्यम से आकर्षक प्रस्तुतीकरण किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार प्रवीण कुमार शुक्ला, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सत्येंद्र सिंह, सीडीपीओ मेहदावल गरिमा पांडेय सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं लाभार्थीगण उपस्थित रहे।
