•अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ की राष्ट्रीय बैठक में मिला सम्मान, टेट मुद्दे पर भी रचनात्मक सहयोग का आश्वासन।
•पुरानी पेंशन बहाली पर जारी रहेगा प्रयास—जगदम्बिका पाल
बस्ती। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा बस्ती जनपद के उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उदयशंकर शुक्ल को उनके संगठनात्मक योगदान एवं शिक्षक हितों के लिए निरंतर संघर्ष के चलते नई दिल्ली के जनकपुरी स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संघ के राष्ट्रीय संरक्षक सांसद जगदंबिका पाल तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पांडे ने उन्हें माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि उदयशंकर शुक्ल एक संघर्षशील शिक्षक नेता हैं, जो पुरानी पेंशन बहाली और टेट नियमों में सुधार के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सुशील कुमार पांडे के नेतृत्व में शिक्षक हितों के लिए प्रभावी एवं रचनात्मक पहल होगी।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पुरानी पेंशन बहाली और टेट से जुड़े मुद्दों पर वे अपने स्तर से हर संभव प्रयास करेंगे।
राष्ट्रीय संरक्षक जगदंबिका पाल ने उदयशंकर शुक्ल के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षक समस्याओं के समाधान हेतु अपना जीवन समर्पित कर दिया है, जो विरले ही देखने को मिलता है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद उदयशंकर शुक्ल ने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन शिक्षक हितों के लिए समर्पित है और वे अंतिम समय तक अपने संघर्ष को जारी रखेंगे।
बैठक में विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद आयोजित इस प्रथम बैठक में जगदंबिका पाल, अनुज त्यागी, नरेश कौशिक, गिरीश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने उदयशंकर शुक्ल को सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
