रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। भगवान श्री परशुराम जी के प्रकटोत्सव के अवसर पर क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। रविवार को कल्ली चौराहे स्थित संकट मोचन हनुमानजी महाराज के मंदिर प्रांगण में विधि-विधान से पूजन-वंदन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान भगवान परशुराम जी के चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। उपस्थित लोगों ने भगवान विष्णु के अवतार माने जाने वाले भगवान परशुराम जी के जीवन और उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भगवान परशुराम जी का जीवन हमें कर्तव्यनिष्ठा, साहस और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। मिश्रिख क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर भी परशुराम जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर समाज में सुख-शांति की कामना की।
कार्यक्रम में अभिषेक त्रिपाठी, राधेश्याम त्रिपाठी, रामकिंकर पांडे, राम गोपाल अवस्थी, मुनेंद्र अवस्थी, मनोज पांडे, देवेश पांडे, भास्कर मिश्रा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
