लखनऊ। थाना महानगर पुलिस टीम ने यातायात व्यवस्था में तैनात आरक्षी के साथ ऑन ड्यूटी अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और वर्दी पर हाथ लगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा दोबारा हंगामा करने और शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के चलते पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 02 अप्रैल 2026 को हनुमान सेतु मंदिर, न्यू हैदराबाद महानगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में तैनात एक यातायात आरक्षी के साथ सुशांत वर्मा पुत्र अवनीश वर्मा निवासी 417/664 नेवाजगंज बसंत बिहार कॉलोनी थाना ठाकुरगंज, लखनऊ उम्र करीब 30 वर्ष द्वारा ऑन ड्यूटी अभद्र व्यवहार किया गया।
आरोपी ने सिपाही के साथ गाली-गलौज की तथा वर्दी पर हाथ लगाने जैसा आपराधिक कृत्य किया। इस संबंध में वादी की तहरीर के आधार पर थाना महानगर में मुकदमा पंजीकृत किया गया।घटना की विवेचना के दौरान आरोपी को बयान के लिए बुलाया गया था।
इसी क्रम में वह अपने भाई ऋषभ वर्मा के साथ खाटू श्याम मंदिर के पास पहुंचा। पूछताछ के दौरान आरोपी अचानक आक्रोशित हो गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसने सिपाही को धमकी देते हुए कहा कि वह उसे देख लेगा और उसका अंजाम ठीक नहीं होगा। आरोपी के इस व्यवहार से आसपास के लोग रुक गए और मौके पर भीड़ इकट्ठा होने लगी, जिससे शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना महानगर पुलिस टीम ने शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा संभावित संज्ञेय अपराध को रोकने के उद्देश्य से आरोपी को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत कारण गिरफ्तारी से अवगत कराते हुए खाटू श्याम मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध मु0अ0सं0 56/26 धारा 132/281/352/115(2) बीएनएस थाना महानगर, लखनऊ में अभियोग पंजीकृत है। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक अरूण प्रताप सरोज एवं उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार की टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
———–
