सिद्धार्थनगर। गुरुवार को नगर पालिका के महंत अवैद्यनाथ सभागार में भारतीय जनता पार्टी द्वारा नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भागीदारी की।
संगोष्ठी की मुख्य वक्ता शोहरतगढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमा अग्रवाल रहीं, जबकि अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अरुणा मिश्रा ने की। अपने संबोधन में उमा अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान सरकार में महिलाओं को अभूतपूर्व सम्मान मिला है और 33 प्रतिशत आरक्षण के माध्यम से उन्हें पंचायत से लेकर संसद तक प्रतिनिधित्व देने का कार्य किया जा रहा है।
डॉ. सीमा मिश्रा ने महिला आरक्षण विधेयक को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताते हुए कहा कि इससे शासन व्यवस्था में लैंगिक समानता को बढ़ावा मिलेगा और महिलाओं को अपनी बात सीधे सदन में रखने का अवसर मिलेगा।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष श्रीमती मुन्नी देवी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष विंदूमती मिश्रा एवं पूर्व प्रधान सरोज शुक्ला ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव ने सभी का आभार व्यक्त किया।
संगोष्ठी के उपरांत महिलाओं ने शहर में पदयात्रा निकाली, जो सिद्धार्थ तिराहे पर जाकर समाप्त हुई। इस दौरान महिला आरक्षण को लेकर महिलाओं में उत्साह देखा गया और उन्होंने समर्थन में हस्ताक्षर भी किए।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला, भाजपा नेता सत्यप्रकाश राही, नगर अध्यक्ष सतीश रस्तोगी, नितेश पांडे, आर्चिष्मान मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व महिलाएं उपस्थित रहीं।
