कुदरहा(बस्ती)। बुधवार रात करीब 10 बजे लालगंज थाना क्षेत्र के राम जानकी मार्ग पर पिपरपाती मुस्तहकम गांव के पास एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में ऑटो सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार धनघटा थाना क्षेत्र के तेलियागंज निवासी राजू अपनी पत्नी शांति के साथ ऑटो से ससुराल सिसवा जा रहे थे। जैसे ही वे पिपरपाती मुस्तहकम गांव के पास पहुंचे, चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ऑटो पलटते हुए गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई।
