नौतनवां, महाराजगंज। जनपद में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए नौतनवां पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नेपाल से आकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर रेंज एस. चनप्पा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक महाराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान देवनारायण नाउ (20 वर्ष) व रामरतन लोनिया (24 वर्ष), निवासी जिला रुपन्देही (नेपाल) के रूप में हुई है। दोनों काफी समय से सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे नेपाल से भारत में प्रवेश कर सुनसान स्थानों, अस्पतालों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद बाइक की नंबर प्लेट हटा देते थे ताकि पहचान न हो सके।
बरामद मोटरसाइकिलें
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से तीन बाइक बरामद की हैं—
सुपर स्प्लेंडर (भूरी-काले रंग) – नौतनवां क्षेत्र से चोरी (14 अप्रैल 2026) सुपर स्प्लेंडर (हल्के नीले-काले रंग) – फरेंदा क्षेत्र से चोरी
स्प्लेंडर प्लस (गोल्ड-ब्लैक रंग) – कोल्हुई क्षेत्र से चोरी
आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अन्य संबंधित मामलों में भी उनसे पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफलता में उ0नि0 रामजी गुप्ता, उ0नि0 मनीष पटेल, कांस्टेबल मनीष गोंड, हिमांशु सिंह व लक्ष्मीशंकर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
