•45 हजार से अधिक कैश, मोबाइल फोन और 13 मोटरसाइकिल जब्त, जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज।
बस्ती। थाना सोनहा पुलिस ने जुआ खेलने के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 45,580 रुपये नकद, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और 13 मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम असनहरा स्थित एक आम के बाग में छापेमारी की। यहां सार्वजनिक स्थान पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे 9 लोगों को शाम करीब 4:45 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से कुल 45,580 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, 8 मोबाइल फोन और 13 मोटरसाइकिल बरामद कीं। बरामदगी के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही बरामद वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
