रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख/सीतापुर। तहसील क्षेत्र में कूट रचित दस्तावेजों के सहारे जमीन हड़पने और बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने तहसील व जिला प्रशासन से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। मामला वर्तमान में उपजिलाधिकारी के समक्ष विचाराधीन बताया जा रहा है।
पीड़िता मालती देवी, पत्नी स्वर्गीय चंद्रभाल, निवासी ग्राम तहरापुर मजरा बड़रांवा, ब्लॉक व थाना मछरेहटा, तहसील मिश्रिख, ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने क्षेत्रीय लेखपाल और कानूनगो से मिलीभगत कर उनके मृतक पति की भूमि की वरासत अपने नाम दर्ज करा ली और बाद में उसे बेच भी दिया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों में ग्राम निवासी राजाराम पुत्र जगन्नाथ, वैजनाथ पुत्र रघुनाथ तथा भगवती प्रसाद निवासी ग्राम तिलपुरवा मजरा बहरांवा, थाना मछरेहटा शामिल हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने फर्जीवाड़ा कर उनके राशन कार्ड में दुन्ना पुत्र चौधरी को देवर और सौरभ पुत्र दुन्ना को भांजे के रूप में दर्ज करवा दिया, जिससे वे बीते 15 जनवरी 2026 से सरकारी मुफ्त राशन योजना का लाभ उठा रहे हैं।
मालती देवी ने बताया कि राशन कार्ड ऑनलाइन बनने के दौरान वह रिश्तेदारी में बाहर थीं, जिससे उन्हें इसकी जानकारी नहीं हो सकी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी तीन वर्षीय बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र भी हड़प लिया गया है।
इसके अतिरिक्त, पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जालसाजों ने कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर बैंक मिश्रिख में उनके नाम से बचत खाता भी खुलवा लिया, जिसमें उनके पति का नाम बदल दिया गया।
मामले की जानकारी होने पर पीड़िता ने तहसील और जिला प्रशासन को लिखित शिकायत दी है। साथ ही, 25 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
