वॉशिंगटन। वॉशिंगटन स्थित हिल्टन होटल में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान शनिवार रात अचानक गोलीबारी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। उस समय होटल के बॉलरूम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
घटना के दौरान बॉलरूम के बाहर करीब सात राउंड फायरिंग की गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए टेबल के नीचे छिप गए। सुरक्षाबलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति और अन्य वीआईपी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रारंभिक सूचना में हमलावर के मारे जाने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में सुरक्षा एजेंसियों ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि हमलावर ने कई हथियारों के साथ एक सुरक्षा चौकी पर हमला किया था। उन्होंने सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
इस घटना में एक सुरक्षा अधिकारी को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण उनकी जान बच गई। अधिकारी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 13 जुलाई 2024 को पेंसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान भी ट्रंप पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे।
