•महोली मार्ग स्थित स्वर्णलता नर्सिंग होम पर लापरवाही, कमीशनखोरी और अनियमितताओं के आरोप।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। सीतापुर से महोली मार्ग पर संचालित स्वर्णलता नर्सिंग होम एक बार फिर गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है। नर्सिंग होम का संचालन डॉ. संजय विश्वास द्वारा किया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार यहां बिना पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ के महिला और पुरुषों के ऑपरेशन किए जाने का आरोप है।
सूत्रों का यह भी दावा है कि संबंधित चिकित्सकों की डिग्रियों को लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी इस नर्सिंग होम को जिला प्रशासन द्वारा सीज किया जा चुका है, लेकिन कथित प्रभाव के चलते पुनः संचालन शुरू हो गया।
ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज यहां इलाज के लिए पहुंचते हैं। आरोप है कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से मरीजों को यहां लाया जाता है और इसके बदले कमीशन दिया जाता है। डिलीवरी सहित अन्य उपचारों के नाम पर मरीजों से मोटी रकम वसूले जाने की भी शिकायतें सामने आई हैं।
नर्सिंग होम में संचालित मेडिकल स्टोर और ऑपरेशन प्रक्रियाओं को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि यहां इलाज के दौरान कई मरीजों की मौत के मामले भी सामने आए हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस नर्सिंग होम के खिलाफ कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा मिश्रिख क्षेत्र में बिना पंजीकरण के संचालित अन्य क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जो ग्रामीणों को सस्ते इलाज का झांसा देकर जोखिम में डाल रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाता है और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।
