बस्ती। वर्ष 2026 हेतु ’विश्व दिव्यांग दिवस’ के अवसर पर विभिन्न श्रेणी के राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु प्रत्येक वर्ष 03 दिसम्बर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों/संस्थाओं को पुरस्कार दिये जाते हैं।
उक्त जानकारी देते हुए दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी तनुज त्रिपाठीने बताया कि जिसके निमित्त विभाग द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 प्रख्यापित की गयी है। नियमावली में राज्य पुरस्कारों हेतु 12 विभिन्न श्रेणियों की व्यवस्था की गयी है।
उन्होने बताया कि नियमावली में दी गयी व्यवस्था अनुसार व्यापक प्रचार-प्रसार कराकर आवेदन-पत्र आमंत्रित है। आवेदन की अन्तिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित है।
राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के अर्न्तगत पुरस्कार हेतु दक्ष दिव्यांग कर्मचारी/स्वनियोजित दिव्यांगजन के लिए, दिव्यांगजन हेतु सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता तथा सर्वश्रेष्ठ प्लेसमेंट अधिकारी या एजेंसी के लिए सेवायोजकों को, दिव्यांगजन के निमित्त कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति तथा सर्वश्रेष्ठ संस्था के लिये, प्रेरणास्रोत हेतु, दिव्यांगजन के जीवन सुधारने के निमित्त सर्वश्रेष्ठ नवीन अनुसंधान या उत्पाद विकास के लिये श्रेणियाँ निर्धारित हैं।
इसी प्रकार दिव्यांगजन हेतु ’बाधामुक्त वातावरण’ के सृजन हेतु सर्वश्रेष्ठ कार्य के लिए, दिव्यांगजन को पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाले सर्वश्रेष्ठ जिला के लिए, सर्वश्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग वयस्क व्यक्तियों एवं सर्वश्रेष्ठ बालक/बालिका हेतु, सर्वश्रेष्ठ ब्रेलप्रेस के लिये, दिव्यांगजन के लिए सर्वाेत्तम अनुकूल वेबसाइट हेतु, सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एवं दिव्यांगजन के सशक्तीकरण हेतु कार्यरत अधिकारी/कर्मचारी के लिए श्रेणियाँ निर्धारित हैं।
उन्होने पात्र व्यक्तियों/संस्थाओं से अपेक्षा किया है कि उक्त आवेदन पत्र के आधार सम्बन्धित प्रस्ताव तैयार कर कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के कक्ष संख्या 14 में आगामी 30 जून, 2026 तक 02 प्रतियो में उपलब्ध करें।
