महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आज कैंप कार्यालय में विकास कार्यों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से समीक्षा की। बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, सहकारिता, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा उद्योग विभाग की परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बी और सी ग्रेड प्राप्त योजनाओं पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि बी, सी और डी ग्रेड किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। संबंधित विभागों को योजनाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि उनकी प्रगति प्रभावित न हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि जिन योजनाओं में प्रगति खराब पाई जाएगी, उनमें संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, डीएसटीओ निरंकार, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
