•भवानीगंज के भड़रिया चौराहे पर हादसा, कार भी क्षतिग्रस्त।
सिद्धार्थनगर। भवानीगंज थाना क्षेत्र के भड़रिया चौराहे पर सोमवार शाम करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी का कार्ड बांटने जा रहे बाइक सवार दो युवक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कादिराबाद निवासी वीरेंद्र गुप्ता (23) अपने घर में होने वाले वैवाहिक कार्यक्रम के लिए गांव के ही हर्षित (13) के साथ बाइक से कार्ड बांटने जा रहे थे। दोनों चंद्रदीप घाट मार्ग से भवानीगंज की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे भड़रिया चौराहे के पास पहुंचे, बेंवा से उतरौला की ओर जा रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक बाइक समेत दोनों को करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान भड़रिया निवासी अहमद वहीद की कार भी ट्रक की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में दोनों युवकों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा ले जाया गया, जहां डॉक्टर राहुल चौधरी ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को बस्ती के लिए रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
