•नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में रैली, राहुल गांधी व अखिलेश यादव का पुतला दहन।
बस्ती। लोकसभा में नारी वंदन अधिनियम को लेकर उत्पन्न विवाद के विरोध में सोमवार को नगर बाजार में भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में महिला जनाक्रोश रैली निकाली गई। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम राना के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने कड़ी धूप के बावजूद मुख्य बाजार में पैदल मार्च किया।
रैली के दौरान महिलाओं ने “महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “भारत माता की जय” जैसे नारों से पूरे बाजार को गुंजायमान कर दिया। हाथों में तख्तियां लिए महिलाओं का उत्साह और आक्रोश देखने लायक था।
रैली अमर शहीद राजा उदय प्रताप नारायण सिंह की प्रतिमा स्थल तिराहे पर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई, जहां महिलाओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध जताया।
कार्यक्रम संयोजक और भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री मीना पाण्डेय ने कहा कि विपक्षी दल महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देने के खिलाफ हैं।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष शालिनी मिश्रा और शिवानी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को संसद और विधानसभा में उचित प्रतिनिधित्व दिलाना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष इसमें बाधा उत्पन्न कर रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि नारी वंदन अधिनियम को परिसीमन के साथ लागू किया जाना चाहिए, अन्यथा महिलाएं विपक्षी दलों के खिलाफ निर्णायक कदम उठाएंगी।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश चौधरी, जिला मंत्री प्रदीप निषाद, मंडल अध्यक्ष विजय भान सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित रहीं।
