•रजिस्टर अपडेट रखने और कार्यों में सुधार के सख्त निर्देश।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा (पतौजा)।
सीतापुर (मिश्रिख)। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सीतापुर डॉ. दीक्षा जोशी ने विकासखंड खैराबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागीय कार्यों में पाई गई कमियों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सुधार के निर्देश दिए।
सीडीओ ने एडीओ समाज कल्याण को पेंशन एवं अन्य योजनाओं के लाभार्थियों का रजिस्टर अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी तरीके से हो और अभिलेख व्यवस्थित रखे जाएं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने खंड विकास अधिकारी सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों से पिछले पांच वर्षों में किए गए कार्यों का पूरा विवरण प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही ग्राम प्रधानों और ग्राम विकास अधिकारियों को भी चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही या अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से करें, अन्यथा वेतन रोकने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने सभी ब्लॉकों को सचेत करते हुए निर्देश दिया कि व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।
निरीक्षण के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और अब सभी की नजर संभावित कार्रवाई पर टिकी है।
