•ग्रामीणों ने जमीनी जांच और कार्रवाई की उठाई मांग।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा (पतौजा)।
मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख विकासखंड में कार्यरत एक ग्राम विकास अधिकारी पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता की कमी है और योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितताएं बरती जा रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए तैयार किए जाने वाले एस्टीमेट (अनुमान) के नाम पर अवैध धनराशि मांगे जाने की शिकायतें हैं। आरोप है कि सारनाथ ग्राम विकास अधिकारी रोहित द्वारा बिना भुगतान के कार्यों की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जाती।
लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार जहां भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की बात करती है, वहीं जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की जमीनी स्तर पर जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
