•सीएससी सेंटर की आड़ में चल रहा था धंधा,कई विभागों की मोहरें बरामद।
हरिद्वार से शैलेंद्र कुमार की रिपोर्ट
हरिद्वार / पिरान कलियर(उत्तराखंड)। सीएससी सेंटर की आड़ में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कई फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, छह आधार कार्ड, सात अलग-अलग विभागों की मोहरें, एक लैपटॉप, चार्जर, माउस और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना पिरान कलियर प्रभारी रविंद्र कुमार के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चारमीनार के पीछे अब्दाल सब कॉलोनी स्थित एक दुकान पर छापा मारा। दुकान के बाहर “मानव अधिकार जन सेवा केंद्र” का बोर्ड लगा हुआ था, जिसके माध्यम से अवैध रूप से दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे।
छापेमारी के दौरान विभिन्न नामों से तैयार कई जन्म प्रमाण पत्र बरामद हुए, जिन पर एक ही सीरियल नंबर अंकित पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि प्रमाण पत्रों पर उत्तराखंड सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पिरान कलियर, नगर निगम रुद्रपुर तथा विकासखंड बहादराबाद आदि की मोहरें लगी हुई थीं, जो प्रथम दृष्टया फर्जी प्रतीत हुईं।
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम शाहनवाज आलम निवासी दाउदपुर, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार), हाल निवासी होटल आलीशान, पिरान कलियर बताया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कितने दस्तावेज तैयार कर वितरित किए गए हैं।
