बस्ती। हर्रैया थाना क्षेत्र के बड़हर कला गांव की निवासी शांति पत्नी स्वर्गीय नन्दलाल ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बहुओं सीमा और मनीषा पर मारपीट, प्रताड़ना तथा फसल काटकर बेच देने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
एसपी को दिए पत्र में शांति ने बताया कि पति के निधन के बाद वह घर के एक अलग कमरे में रहकर मेहनत-मजदूरी के सहारे अपनी पुत्री नीलम के साथ जीवन यापन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने तीन बीघा जमीन लेकर गल्ले पर गेहूं की फसल बोई थी।
पीड़िता के अनुसार, 31 मार्च को जब वह गांव पहुंचकर अपनी फसल देखने खेत गईं, तो पता चला कि उनकी बहुओं सीमा और मनीषा ने गेहूं और सरसों की फसल को स्वयं तथा कंबाइन मशीन से कटवाकर चोरी से बेच दिया है।
शांति का आरोप है कि बहुएं उन्हें लगातार धमकी दे रही हैं कि उन्हें गांव में रहने नहीं दिया जाएगा और भविष्य में बोई गई किसी भी फसल को भी काटकर बेच दिया जाएगा।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है।
