हरिद्वार से शैलेंद्र कुमार की रिपोर्ट
हरिद्वार (उत्तराखंड)। स्लीपर बसों की मनमानी और नियमों की खुलेआम उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में मंगलवार को चंडीघाट चौक एवं बहादराबाद क्षेत्र में परिवहन विभाग की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 10 बसों को सीज कर दिया गया, जबकि 50 से अधिक बसों के चालान काटे गए। विभागीय टीम ने चालक-परिचालक को नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत भी दी।
एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा तथा एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान नियम तोड़ने वाली बसों पर कड़ा एक्शन लिया। जांच में विभिन्न अनियमितताएँ सामने आईं, जिनमें ओवरलोडिंग, बिना अनुमति संरचनात्मक परिवर्तन, परमिट की वैधता, चालक के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस एवं बीमा से संबंधित कमी प्रमुख रहीं।
जांच में यह भी पाया गया कि कई स्लीपर बसें दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, लखीमपुर खीरी सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर बिना नियमों का पालन किए संचालित हो रही थीं।
एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने कहा कि यात्री सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
