के. के. मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा के सकुशल संपादन हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को जनपद के 7 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी।
अपर जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सतत मॉनिटरिंग, समयबद्ध उपस्थिति तथा निर्देशों के अक्षरशः पालन पर जोर दिया। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या प्रतिबंधित सामग्री को अंदर ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा। साथ ही, केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न जुटने देने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें और हर गतिविधि की जानकारी कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करें ताकि अभ्यर्थियों को भयमुक्त वातावरण मिल सके।
बैठक में पुलिस ऑब्जर्वर ए.के. वर्मा सहित उप जिलाधिकारी, शिक्षा विभाग, पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
