के. के. मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस आपूर्ति के सुचारू संचालन के संबंध में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के सेल्स अधिकारियों के साथ आपूर्ति विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश भी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेंडरों की नियमित और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू है तथा पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता बनी हुई है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल, डीजल एवं गैस सिलेंडर खरीदें। उन्होंने अनावश्यक भंडारण से बचने की भी सलाह दी।
