लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज दशनाम जूना अखाड़ा, वाराणसी से आए साधु-संतों ने भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सफलता एवं विजय का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने साधु-संतों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया, जबकि साधु-संतों ने मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।भेंट के दौरान साधु-संतों ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही राजनीति सत्य, सद्भाव और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश की जनता को एक बार फिर ऐसी सरकार की आवश्यकता है, जो समाज के हर वर्ग के हितों को प्राथमिकता दे और विकास के साथ सामाजिक न्याय को भी मजबूत करे।अखिलेश यादव से मुलाकात करने वाले प्रमुख साधु-संतों में दशनाम जूना अखाड़ा वाराणसी के नागा बाबा तूफानपुरी, महंत राकेश गिरि, जोगेन्द्र गिरि, अनिल गिरि, पेल गिरि, शिवराम गिरि, बच्चा गिरि, अजय गिरि और नरेश गिरि शामिल रहे। सभी साधु-संतों ने एक स्वर में अखिलेश यादव को वर्ष 2027 में सफलता के लिए आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।साधु-संतों ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच समाजवादी पार्टी की सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य और कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन की सफल व्यवस्थाएं आज भी साधु-संत समाज की स्मृति में अंकित हैं। उन्होंने कहा कि उस दौर में धार्मिक आस्था के साथ-साथ व्यवस्थागत सुचिता और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया था, जिसे साधु-संत आज भी सम्मान के साथ याद करते हैं।भेंट के दौरान सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बना रहा और साधु-संतों ने अखिलेश यादव के दीर्घायु, स्वस्थ जीवन और राजनीतिक सफलता की कामना की।
