लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज (पीडीए) के साथ लगातार अन्याय और उत्पीड़न हो रहा है। सरकार का एजेण्डा नौकरी, रोजगार और आरक्षण नहीं है, बल्कि आरक्षण छीनने का षड्यंत्र है। 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़े और दलित वर्ग के छात्रों का हक छीना गया। अभ्यर्थियों ने न्याय के लिए भाजपा की डबल इंजन से लेकर चार इंजन सरकारों तक गुहार लगाई, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। निराश होकर एक अभ्यर्थी बहन ने अपनी चूड़ियां सरकार को भेज दीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार जाएगी तभी नौकरियां आएंगी और पीडीए समाज को न्याय मिलेगा।अखिलेश यादव ने कहा कि अच्छे दिन का नारा देकर सत्ता में आई भाजपा ने पीडीए का हक और सम्मान छीन लिया। आर्थिक भ्रष्टाचार के साथ आरक्षण में भी खिलवाड़ किया गया है। अब पूरा पीडीए समाज एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा।
प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर नौ साल के शासन में भ्रष्टाचार, लूट और बेईमानी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान और महिलाएं सभी भाजपा सरकार से दुखी हैं। किसानों को खाद, डीजल और कीटनाशक महंगे दामों पर मिल रहे हैं। नैनो यूरिया किसानों पर थोप दिया गया लेकिन उसका कोई लाभ नहीं हुआ। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, बल्कि उनकी लूट दोगुनी हो गई। मंडियां बंद कर दी गईं, जिससे किसानों का नुकसान हो रहा है।
खनन घोटालों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बांदा और हमीरपुर में नदियों को खोदकर पहाड़ों जितने ऊंचे बालू के टीले लगाए गए, अवैध खनन हुआ लेकिन भाजपा के प्रबंधन से सबकुछ दबा दिया गया। इसी तरह भाजपा ने समाजवादी पार्टी के नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसाया और बदनाम किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार स्कूल बंद कर रही है और शराब की दुकानें खोल रही है। उत्तर प्रदेश में न्यूयॉर्क से ज्यादा शराब की दुकानें हैं। सरकार चाहती है कि लोग पढ़ाई-लिखाई छोड़कर शराब की ओर बढ़ें। पीडीए पाठशाला चलाने वालों पर मुकदमे किए जा रहे हैं। अंग्रेजों के जमाने में भी पढ़ाई पर मुकदमे दर्ज नहीं हुए थे। भाजपा सरकार में पेपर आउट माफिया, शराब माफिया, नौकरी माफिया और भू-माफिया जैसे नए माफिया पैदा हुए हैं। मुख्यमंत्री और उनके सहयोगी अपने केस वापस ले चुके हैं और सारे माफिया भाजपा में शामिल हो गए हैं।
लोकसभा में आए संविधान संशोधन विधेयक को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि दुनिया की तमाम तानाशाही सरकारें ऐसे ही कानून लाती रही हैं, लेकिन वे सत्ता में नहीं बच पाईं। इटली, जर्मनी और रूस इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जब अपने केस वापस ले रहे थे तब उनकी ईमानदारी कहां थी।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और उनके परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि ने देश का सम्मान बढ़ाया है और अवसर मिलने पर वे उनसे मिलकर उनका अनुभव जानेंगे।अखिलेश यादव ने भाजपा पर व्यंग्य करते हुए कहा कि भाजपा के लोग एस्ट्रोनॉमी पर भरोसा नहीं करते, वे एस्ट्रोलॉजी पर भरोसा करते हैं। ये लोग नाम बदलने और श्रेय लेने की राजनीति करते हैं।
निष्कासित विधायक पूजा पाल की चिट्ठी को लेकर उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह चिट्ठी कौन लिखवा रहा है—डिप्टी सीएम या बंसल। उन्होंने कहा कि कोई मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी जान को खतरा महसूस करे, यह बात समझ से परे है।
अखिलेश यादव ने अंत में अपील की कि सभी लोग एसपी टीवी को सब्सक्राइब करें ताकि सच्चाई जन-जन तक पहुंच सके।
