लखनऊ/नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद अखिलेश यादव ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापारिक डील को देशहित के खिलाफ बताते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह डील ऐसी डाल है जिसे उस पर बैठने वाला ही काट रहा है। यह समझौता केवल खेती-मजदूरी ही नहीं बल्कि देश के हर प्रकार के उत्पादन, काम-कारोबार और रोजगार के खिलाफ है।
अखिलेश यादव ने कहा कि यह डील एक अदृश्य जंजीर की तरह है, जो देश को आर्थिक रूप से निर्भर बना देगी, लेकिन पैसे के लालच में डूबे बिचौलिया मानसिकता वाले भाजपाइयों को यह दिखाई नहीं दे रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन्होंने पहले हमारे लोगों को जंजीरों में बांधकर भेजा था, उन्होंने अब डील का जाल फेंक दिया है और भाजपा सरकार उसमें फंस गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि स्वदेशी का नारा लगाने वाले भाजपा के नेता अब कहां हैं। आत्मनिर्भरता की बात करने वाली भाजपा को अब ‘परनिर्भरता’ का नारा अपना लेना चाहिए।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने देश का बाजार विदेशियों के हवाले कर दिया है। इससे किसानों और खेती-किसानी को बड़े पैमाने पर नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि यदि हर चीज विदेश से आएगी तो देश का किसान क्या उगाएगा और क्या बेचेगा। किसानों को नुकसान पहुंचाकर कोई सरकार लंबे समय तक नहीं चल सकती।
उन्होंने केंद्र सरकार से स्पष्ट करने को कहा कि विदेशियों के सामने अपने हितों का समर्पण करने की मजबूरी क्या है।उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भूमि अधिग्रहण जैसे कदमों से खेती-किसानी को कमजोर करने की कोशिश करती है और कभी कड़े कानूनों के माध्यम से किसानों को संकट में डालती है।
उनके अनुसार भाजपा की सोच उत्पादन आधारित अर्थव्यवस्था की नहीं, बल्कि बिचौलिया व्यवस्था की है, जिसमें बीच में कमीशनखोरी से लाभ कमाने की प्रवृत्ति हावी है। उन्होंने कहा कि खेती और किसानों के बीच बैठे ऐसे बिचौलियों का भंडाफोड़ होना चाहिए। उनका कहना था कि किसान आज कह रहा है कि भाजपा जाएगी तभी खेती-बाड़ी बचेगी।
इधर, समाजवादी पार्टी के सांसदों ने भी संसद परिसर में अमेरिका के साथ हो रही व्यापारिक डील के विरोध में प्रदर्शन किया। पार्टी के सभी सांसद बैनर-पोस्टर लेकर एकजुट हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सांसदों ने कहा कि प्रस्तावित यूएस डील किसानों के लिए संकट पैदा करने वाली है और इसे तत्काल पुनर्विचार के लिए रोका जाना चाहिए।
