लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन की सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाकर दो लोगों की मौत का कारण बने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में लेकर मुकदमे में दाखिल कर दिया है।
पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को वादी सुमेश, निवासी ग्राम गोपालखेड़ा पुरसेनी थाना मोहनलालगंज लखनऊ ने थाना सुशांत गोल्फ सिटी में लिखित तहरीर देकर बताया कि कार संख्या यूपी-32 क्यूवाई-1854 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसके पिता की बुलेट मोटरसाइकिल संख्या यूपी-32 क्यूजेड-6912 में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क दुर्घटना में वादी के पिता सुशील कुमार और उसके नाना मुन्नीलाल की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि वादी की माता बबली गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इस मामले में थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मुकदमा अपराध संख्या 133/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त वाहन की जानकारी जुटाई, जिसमें वाहन स्वामी का नाम शिवम सिंह चौहान पुत्र विजय सिंह चौहान निवासी खुर्दही बाजार बक्कास थाना सुशांत गोल्फ सिटी लखनऊ पाया गया।
इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी के निवास स्थान खुर्दही बाजार बक्कास में दबिश देकर शिवम सिंह चौहान को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसे विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार संख्या यूपी-32 क्यूवाई-1854 (महिंद्रा एक्सयूवी 300) को भी कब्जे में लेकर मुकदमे में शामिल कर लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना के दिन वह स्वयं कार चला रहा था। होली के त्योहार के दौरान वह तेज गति से और गलत दिशा में वाहन चला रहा था, तभी सामने से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल से उसकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वह अपनी कार को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शिवम सिंह चौहान (31 वर्ष) पुत्र विजय सिंह चौहान निवासी ग्राम माढरमऊ खुर्द, खुर्दही बाजार थाना सुशांत गोल्फ सिटी लखनऊ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस टीम द्वारा की गई।
